आपदा के बाद पहली बार क्रिसमस पर शिमला में जश्न, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, देखें वीडियो

आपदा के बाद पहली बार क्रिसमस पर शिमला में जश्न, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, देखें वीडियो

मनालीः हिमाचल प्रदेश में आपदा के बाद पहली बार क्रिसमस पर पर्यटन स्थल सैलानियों से पैक हो गए हैं। शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक शिमला में 72 घंटे में 55 हजार 345 टूरिस्ट व्हीकल पहुंचे हैं। वहीं देर रात शिमला के रिज में क्रिसमस का जश्न मनाया गया। जिसकी वीडियो भी सामने आई है। वहीं हिमाचल की राजधानी शिमला में विंटर कार्निवाल आज से शुरू होगा। इस कार्निवाल में पहले ही दिन 500 के करीब महिलाएं पारम्परिक वेशभूषा में हिमाचल संस्कृति की झलक दिखाएंगी जोकि कार्निवाल का मुख्य आकर्षण रहेगा। 25 से 31 दिसम्बर तक आयोजित किए जा रहे शिमला विंटर कार्निवाल की तैयारियां पूरी हो गई हैं। आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कार्निवाल का आज दोपहर 2 बजे शुभारंभ करेंगे।

इस दौरान शिमला ट्रैफिक पुलिस भी यातायात सुचारू करने में जुट गई है, ताकि शहर में जाम की स्थिति पैदा न हो। इसके लिए शिमला पुलिस ने जगह-जगह व्यवस्था कर रखी है। वहीं, रिज मैदान व माल रोड पर शिमला कार्निवाल के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्यटकों में भी शिमला में जश्न मनाने को लेकर खासा उत्साह देखा गया है। युवा-बुजुर्ग-बच्चे सभी जश्न मनाने के लिए शिमला पहुंच रहे हैं। अगले एक हफ्ते तक प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहने वाले हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी करोड़ों के कारोबार की उम्मीद है। दिल्ली से आने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें, पर्यटन विकास निगम की बसें और निजी वोल्वो पैक चल रही हैं।

कालका-शिमला ट्रैक पर दौड़ने वाली सभी ट्रेनें 5 जनवरी तक के लिए पैक हैं और लंबी वेटिंग चल रही है। भारी संख्या में पर्यटक सड़क मार्ग से भी प्रदेश का रुख कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही है। सोलन के सनवारा टोल प्लाजा और मंडी के पंडोह से मनाली तक लंबा जाम लग रहा है। सोलन से एनएच-5 से होते हुए शिमला की ओर दो दिन में 21,000 से अधिक वाहन रवाना हुए। रविवार को शिमला के सर्कुलर रोड पर भी वाहन रेंगते नजर आए। जाम से निपटने के लिए शिमला में आज से एक सप्ताह तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। शिमला के रिज मैदान पर पहली बार विंटर कार्निवल का आयोजन हो रहा है। यहां आज से शुरू होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम न्यू ईयर तक चलेंगे। शिमला के ऐतिहासिक चर्च में आज विशेष प्रार्थना सभा आयोजित होगी। प्रदेश के होटलों में क्रिसमस पार्टियों के आयोजन की तैयारी है। हालांकि कसौली और चायल में अपेक्षाकृत कम भीड़ है।

सैलानी ऐसे पर्यटन स्थलों को तरजीह दे रहे हैं, जहां आसपास बर्फ के दीदार हो सकें। फेडरेशन ऑफ ऑल हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि क्रिसमस पर भारी संख्या में सैलानी राज्य में पहुंचे हैं। मनाली, शिमला, धर्मशाला, डलहौजी में सैलानियों की भारी भीड़ है। अन्य पर्यटन स्थलों पर भी आपदा के बाद पहली बार सैलानियों की संख्या बढ़ी है। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर के बाद नए साल के पहले हफ्ते तक राज्य में पर्यटकों की रौनक बने रहने की उम्मीद है। क्रिसमस से पर्यटन उद्योग को बूम मिला है। सर्दियों में अच्छी बर्फ गिरी तो सीजन बेहतरीन रहने की उम्मीद है।