दिनदहाड़े BJP नेता को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

दिनदहाड़े BJP नेता को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

नालंदाः रहुई थाना क्षेत्र के हवनपुरा गांव के समीप बदमाशों ने सोमवार की सुबह भाजपा नेता को गोलीमार कर जख्मी कर दिया है। जख्मी थाना क्षेत्र के देकपुरा गांव निवासी (35) वर्षीय सोनल सिंह है। सोनल सिंह भाजपा में रहुई मंडल के महामंत्री के पद पर हैं। मिली जानकारी के मुताबिक गोली सोनल सिंह के पेट में लगी है। भारतीय जनता पार्टी नालंदा के महामंत्री अविनाश प्रसाद ने बताया कि रहुई पुलिस के द्वारा उन्हें सूचना मिली कि उनके गांव के सोनल सिंह को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी है।

घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। बता दें कि सोनल पूर्व में मुखिया का चुनाव भी लड़ चुके हैं। सोनल सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर बाढ़ गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। तभी हवनपुरा गांव के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। रहुई थाना अध्यक्ष नंदन कुमार ने बताया कि जख्मी ने खुद फोन कर बताया कि उसे गोली मारी गई है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आनन-फानन में पीड़ित को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस युवक से पीड़ित व्यक्ति से बयान लेने के प्रयास में जुटी हुई है। घटना के बाद अब सरकार और प्रशासन दोनों पर सवाल उठ रहे हैं।