किसानों के बाद अब Khalsa Aid के अकाउंट हुए बैन

किसानों के बाद अब Khalsa Aid के अकाउंट हुए बैन

नई दिल्लीः एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) ने किसान आंदोलन से जुड़े कई अकाउंट्स और संबंधित फैन पेज या अकाउंट्स को सस्पेंड कर दिया है। जिन खातों को निलंबित किया गया है उसमें से कई प्रमुख किसान नेताओं और उनके समर्थन वालों के अकाउंट हैं। वहीं किसानों के बाद अब भारत में खालसा एड और खालसा एड इंडिया के एक्स अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बता दे कि किसान आंदोलन में खालसा एड की टीम द्वारा लंगर लगाया जा रहे है। खालसा एड एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो दुनिया के हर कोने में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आता है।

बता दें, भारत सरकार ने एक्स को निर्देश दिया था कि किसानों के विरोध से संबंधित अकाउंट्स और पोस्ट को निलंबित कर दिया जाए। केंद्र सरकार ने किसानों के ‘दिल्ली चलो प्रदर्शन’ से जुड़े मामले के बारे में ये आदेश निकाला था। सोशल मीडिया कंपनी ने एक सार्वजनिक पोस्ट कर कहा कि उसे भारत सरकार के कार्यकारी आदेशों के बाद विशिष्ट खातों और पोस्ट पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया था, जिसका अनुपालन न करने पर जुर्माना और कारावास सहित संभावित दंड की धमकी दी गई थी।

एक्स के आधिकारिक वैश्विक सरकारी मामलों के खाते में कहा गया है कि हालांकि वे भारत के भीतर पहचाने गए खातों और पोस्ट को रोक देंगे, वे सरकार के आदेशों से सहमत नहीं हैं और प्रभावित पोस्ट के लिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखने में विश्वास करते हैं। सूत्रों की मानें तो इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गृह मंत्रालय के अनुरोध पर आईटी एक्ट की धारा 69ए के तहत 14 और 19 फरवरी को आदेश जारी किए थे कि 177 सोशल मीडिया खातों और वेब लिंक को अस्थायी रूप से बंद किया जाए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गृह मंत्रालय के अनुरोध पर ये आदेश निकाल गया था।