2 स्टूडेंट्स ने कोचिंग सेंटर के बाहर टीचर को मारी गोली, देखें वीडियो

2 स्टूडेंट्स ने कोचिंग सेंटर के बाहर टीचर को मारी गोली, देखें वीडियो

बोले- तेरी टांग को छलनी कर दूंगा, 40 गोली मारनी हैं, 39 अभी बाकी रह गईं

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में कोचिंग सेंटर के बाहर दो छात्रों ने शिक्षक को दिनदहाड़े तमंचे से गोली मार दी। पैर मे गोली लगने से शिक्षक लूहलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल को स्वास्थ्य केन्द्र भेजा। डाक्टरों ने उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया। गोली मारने के बाद बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने गोली क्यों मारी, इसका कारण अभी साफ नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

खंदौली कस्बा में ही कोचिंग के बाहर शिक्षक सुमित सिंह को गोली मार दी गई। वह पैर में गोली लगने से घायल हो गए। आरोप कोचिंग के दो पूर्व छात्रों पर लगाया गया है। वह कोचिंग पढ़ते थे। दोनों का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वो शिक्षकों को 39 और गोली मारने की कह रहे हैं। घटना के पीछे रंगबाजी की बात सामने आई है।

गांव मलूपुर निवासी शिक्षक सुमित सिंह रामस्वरूप विद्यालय में अध्यापक हैं। साथ ही वह स्कूल से अलग मलूपुर रोड पर ही कोचिंग चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के ही हाईस्कूल के दो छात्रों ने 2 साल पहले कोचिंग ली थी। बृहस्पतिवार दोपहर को दोनों बाइक से आए। उन्हें कोचिंग से बाहर बुलाया। आते ही एक ने तमंचा निकाल लिया। उन पर फायर कर दिया। गोली उनके बाएं पैर में लग गई। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। मगर, हमलावर भाग निकले।

थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर दो नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के पीछे का विवाद पता किया जा रहा है। हालांकि प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि शिक्षक के भाई योगेंद्र से कुछ देर पहले ही फोन पर पूर्व छात्र से विवाद हुआ था। कहासुनी होने पर वो कोचिंग पर आए थे। वह शिक्षक से उनके भाई के बारे में पूछ रहे थे। उन्होंने भाई से मिलने का कारण पूछा तो फायर कर दिया। दोनों की तलाश की जा रही है। आरोपियों का 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वो कह रहे हैं कि हां चच्चा कैसे गोली दई...। टाय...। कैसो गिर पड़ो। मो ते फैजल कहतें। ऐसो ही नाम न धरो फैजल। तोसे का कहते। चच्चा न गैंगस्टर (दूसरा आरोपी)। 4-6 दिन और रुक। 6 महीने बाद फिर हवा हवाई। टेम आन दें...तेरी टांग को छलनी कर दूंगो। 40 गोली मारनी हैं, 39 और रह गई हैं अभी।