पंजाब: शरारती अनसरों ने चर्च पर किया हमला, तोड़े वाहन, देखें वीडियो

पंजाब: शरारती अनसरों ने चर्च पर किया हमला, तोड़े वाहन, देखें वीडियो

अमृतसर: गांव राजेवाल की चर्च में निहंगों व ईसाई भाईचारे में एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है। कुछ निहंगों ने चर्च पर हमला किया। जिसके बाद निहंग व ईसाई भाईचारा एक दूसरे के आमने-सामने हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति को काबू किया। क्रिश्चियन भाईचारे में इस घटना के बाद आक्रोश है और वे लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। क्रिश्चियन भाईचारे के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि दोपहर के समय चर्च में पूजा चल रही थी। इसी दौरान कुछ निहंग आए और चर्च पर हमला कर दिया। उन्होंने उनके धर्म ग्रंथ बाइबिल की भी बेअदबी की। इतना ही नहीं, क्रिश्चियन भाईचारे की गाड़ियों को भी तोड़ा गया। 

इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जब निहंगों ने तलवारों के साथ क्रिश्चियन अनुयाइयों पर हमला किया तो समर्थकों ने ईंट पत्थर चलाने शुरू कर दिए। जिसके बाद निहंग वहां से चले गए। निहंग संगठनों का कहना है कि यहां सिखों की वेशभूषा धारण करके प्रचार किया जाता है, जिस पर उन्हें ऐतराज है। क्रिश्चियन भाईचारे ने घटना के बाद प्रदर्शन शुरू कर दिया।

क्रिश्चियन भाईचारे ने कहा कि जिस तरह श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने पर धारा 295A और उनके अंग फाड़ने पर धारा 307 लगाई जाती है, उसी तरह इस घटना के आरोपियों पर भी इन्हीं धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। घटना के बाद एसएसपी रूरल सतिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्रिश्चियन भाईचारे को शांत किया और मामले की सही से जांच करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद क्रिश्चियन भाईचारे का गुस्सा शांत हुआ।