पंजाब: आज भी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

पंजाब: आज भी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

चंडीगढ़ः पंजाब में बीते 24 घंटों में हुई बारिश व ओलावृष्टि से दिन का तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री नीचे गिर गया है। मौसम विभाग ने आज भी उत्तर भारत में बारिश के होने की संभावनाएं जताई हैं। पंजाब के 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग अनुसार मंगलवार को बिजली चमकेगी और तेज हवा चलने के संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह के मुताबिक बारिश के बाद रात के पारे में गिरावट आती है। पूरी संभावना है कि मंगलवार से रात के तापमान में कमी देखने को मिलेगी। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक 30.7 डिग्री सेल्सियस का तापमान बलोवाल का रहा। उधर रात के पारे में 0.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखने को मिली है। हालांकि यह सामान्य के नजदीक ही बना हुआ है। 

मौसम विभाग ने संगरूर, बरनाला, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा, लुधियाना, मोगा, जालंधर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यानी कि यहां तेज मूसलाधार बारिश होगी, इसके साथ ही हवाएं भी चल सकती हैं। जबकि अन्य पूरे पंजाब में आज छुटपुट बारिश होती रहेगी। सुबह भी पंजाब के माझा सहित कई जिलों में हलकी बारिश हुई है। जिससे तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। तीन दिन से चल रही बारिश ने तापमान में काफी अधिक बदलाव ला दिया है। बीते दिन से न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री कम दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक लुढ़का है। वहीं गुरदासपुर में बीते 24 घंटों में 35.2MM, पठानकोट में 20MM, एसबीएस नगर में 11.5, लुधियाना में 6.1, अमृतसर में 5MM और जालंधर में 8MM बारिश दर्ज की गई है।