तीसरे विश्व युद्ध का खतरा! ईरान किसी भी समय कर सकता है सऊदी अरब पर हमला, हाई अलर्ट पर अमेरिकी सेना

तीसरे विश्व युद्ध का खतरा! ईरान किसी भी समय कर सकता है सऊदी अरब पर हमला, हाई अलर्ट पर अमेरिकी सेना

ईरान: सऊदी अरब और ईरान के बीच स्थिति ठीक नहीं है। खबर है कि ईरान किसी भी वक्त सऊदी अरब पर हमला कर सकता है। ये खुफिया जानकारी सऊदी अरब ने अमेरिका से शेयर की है। सऊदी अरब में ईरान कई जगह हमले कर सकता है। ये खुफिया जानकारी सामने आते ही खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अगर ईरान ने सऊदी अरब पर हमला किया तो दुनिया फिर से एक और विश्व युद्ध के मुहाने पर पहुंच सकती है।

कई जगहों पर हमला करने की योजना

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और सऊदी अरब हाई अलर्ट पर हैं, क्योंकि सऊदी खुफिया ने अमेरिका को यह जानकारी दी है कि ईरान, सऊदी अरब में कई जगहों पर हमला करने की योजना बना रहा है। दोनों देशों के अधिकारियों ने कथित तौर पर आने वाले हमलों पर चिंता के बारे में जर्नल को बताया।

क्यों हो सकता है हमला?

सऊदी अधिकारियों ने कहा कि ईरान सऊदी अरब के अलावा, एरबिल, इराक पर भी हमला करना चाहता है, जहां अमेरिकी सैनिक स्थित हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इन सुनियोजित हमलों का इरादा इस्लामिक राष्ट्र के नेतृत्व के खिलाफ ईरान में हो रहे विरोध प्रदर्शनों से ध्यान भटकाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खुफिया जानकारी साझा करने की पुष्टि करने वाले अधिकारियों में से एक ने बताया कि "यह हमला 48 घंटे के भीतर" ही हो सकता है।

अमेरिका ने क्या कहा?

पेंटागन के प्रेस सचिव वायु सेना ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, अमेरिका "क्षेत्र में खतरे की स्थिति" के बारे में 'चिंतित' है और सऊदी अधिकारियों के साथ "नियमित संपर्क में" है। राइडर ने किसी विशेष खतरे के बारे में जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा, "हम अपनी रक्षा और बचाव का अधिकार सुरक्षित रखेंगे, चाहे हमारी सेना इराक में या कहीं और सेवा कर रही हो।"