
गुरदासपुर (भोपाल सिंह)। बिना परमिशन धरना देने पर लोक इंसाफ पार्टी के नेताओं पर सिटी पुलिस ने केस दर्ज किया। जिसके बाद लोक इंसाफ पार्टी के नेता गिरफ्तारी देने के लिए थाना सिटी पहुंचे और हंगामा कर दिया। इस दौरान पुलिस इनके आगे हाथ जोड़ती दिखाई दी। इस दौरान जमानत लाने की बात हो रही थी। फिलहाल पुलिस ने किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया। मामला 2 दिन पहले का है जब लोग इंसाफ पार्टी के हल्का बटाला के इंचार्ज विजय त्रेहन की तरफ से बटाला के गांधी चौक में धरना लगाया गया था। यह धरना लगभग 6 घंटे तक चलता दिखाई दिया था और धरने से परेशान होकर दुकानदारों ने लोक इंसाफ पार्टी के लोगों को वहां से खदेड़ दिया और धरना उठवा दिया। यह भी सामने आया कि लोक इंसाफ पार्टी की तरफ से धरना लगाने की परमिशन नहीं ली गई थी, जिसके चलते सिटी पुलिस बटाला ने लोक इंसाफ पार्टी के लगभग 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था। इस मामले में लोक इंसाफ पार्टी के हल्का इंचार्ज विजय त्रेहन का कहना था कि हम पर पुलिस ने केस दर्ज किया था और हम गिरफ्तारी देने आए थे लेकिन पुलिस हमे गिरफ्तार नही कर रही और अब हम अपनी जमानतें करवाएंगे और लोगो के हक के लिए लड़ते रहेंगे।